खेत में खाना खा रही महिला मजदूरों पर च ढ़ाया ट्रैक्टर, चार लोग पहुंचे अस्पताल
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। खेत में मक्का तोड़ने का काम कर रही महिला मजदूर जब दोपहर में बैठकर खाना खा रही थीं, तभी कथित तौर पर खेत मालिक ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस दर्दनाक घटना में चार महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद से आरोपी खेत मालिक ट्रैक्टर लेकर फरार बताया जा रहा है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल, पूरा मामला सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुछ महिला मजदूर खेत में मक्का तोड़ने का काम कर रही थीं। काम के बीच जब सभी महिलाएं खेत में ही बैठकर खाना खा रही थीं, तभी अचानक ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में देवकी मर्सकोले, उर्मिला ब्राह्मे, भूरी बाई परते और सुषमा नागवंशी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिलाओं को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि चारों महिलाओं में से एक की हालत बेहद गंभीर है। वहीं, घटना के बाद कथित आरोपी खेत मालिक महेंद्र साहू ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर खेत में काम कर रही महिला मजदूरों के साथ ऐसा क्या हुआ कि उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने जैसी गंभीर घटना सामने आई? क्या यह जानबूझकर किया गया कृत्य था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। कान्हीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच और घायलों के बयान के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।