लाखों रूपये की चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सोना-चांदी समेत 4.40 लाख कैश बरामद
घर में घुसकर की गयी लाखों रूपये की चोरी की वारदात का पुलिस को खुलासा करने में सफलता हाथ लगी है। टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए 6 तोला सोना, 500 ग्राम चांदी और करीब साढ़े चार लाख रूपये कैश बरामद किया है। चोर शातिर हैं जिन पर कई थानों में मामले दर्ज हैं। मामला मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 12 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की। जिसमें 6 तोला सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 4 लाख 40 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
बागचीनी टीआई कुलदीप राजपूत के मुताबिक बागचीनी निवासी विष्णु अग्रवाल ने 26-27 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास निरीक्षण करने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 31 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने बागचीनी क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं के अलावा करौरी गांव में 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात हुई चोरी की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान ओमवीर उर्फ मास्टर गुर्जर, रामकुमार उर्फ समकू गुर्जर और बद्री उर्फ भरत गुर्जर के रूप में की गयी। पुलिस ने चोरी गए माल को अपने कब्जे में लिया। साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया है। उनके खिलाफ बागचीनी, जौरा, पोरसा, देवगढ़, सिविल लाइन समेत अन्य थानों में चोरी और अन्य धाराओं के तहत पूर्व से कई प्रकरण दर्ज बताए गए।