घर में छिपाकर रखा था पटाखों का स्टॉक, बिना लायसेंस की जा रही थी बिक्री, सवा लाख के पटाखे जब्त
बिना वैध लायसेंस के घर में पटाखों का स्टॉक छिपाकर रखा गया था। घर से ही बिक्री की जा रही थी। सूचना पर पुलिस ने दो अलग अलग घरों में दबिश दी और भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों पर मामला दर्ज किया है। साथ ही सवा लाख रूपये के पटाखे जब्त किये गए हैं। बता दें की मुरैना जिले में न्यू हाउसिंग बोर्ड और सबलगढ़ में पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
दरअसल दीपावली त्यौहार को लेकर अवैध पटाखों का कारोबार तेजी से फलने-फूलने लगा है। जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए हर तहसील में स्थान निर्धारित कर लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था की है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को ताक पर रखकर अपने घरों से ही चोरी छुपे पटाखों का कारोबार कर रहे हैं इसी बीच सिविल लाइन थाना और सबलगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे पटाखों का स्टॉक पकड़ा। दोनों ही मामलों में आरोपी बिना लाइसेंस अपने घरों से पटाखे की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने पटाखे जप्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुरैना शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी के मकान नंबर एमआईजी 730 में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। यहां से चोरी छुपे बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। शुरुआत में घर के अंदर कहीं भी पटाखे नहीं मिले। जब पुलिस टीम छत पर पहुंची तो वहां छह कार्टनों में कई प्रकार के पटाखे के 200 से ज्यादा पैकेट रखे मिले। पुलिस ने पटाखे जप्त कर मकान में रहने वाले अनुराग मंगल के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जबकि दूसरी कार्रवाई सबलगढ़ थाना पुलिस ने की। थाना प्रभारी पंकज मुदगल के मुताबिक रामपुर रोड पर मुक्तिधाम के सामने रहने वाला 35 साल का धर्मेद्र मांझी अपने घर से अवैध रूप से पटाखे का कारोबार कर रहा था। उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था। घर की तलाशी लेने पर करीब 25 हजार कीमत के पटाखे बरामद हुए। पटाखे जप्त कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।