वन परिक्षेत्र में मिला तेंदुआ, वन विभाग ने साधी चुप्पी, आखिर तेंदुए के साथ क्या हुआ बड़ा सवाल !
वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए की डेड बॉडी पड़ी हुई मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। शुरूआती जांच में टाइगर के साथ संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी ये साफ़ नहीं है की आखिर तेंदुए की जान किन परिस्थितियों में गयी है। मामले में वन विभाग की ओर से चुप्पी साध ली गयी है। कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी थी। मामला उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आरएफ 233 अमहाई धार नाल के पास से सामने आया है।
तेंदुए की उम्र करीब पांच साल बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ विवेक सिंह, एसडीओ दिगेंद्र सिंह पटेल, रेंजर हरीश तिवारी समेत वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल पर जांच की गयी। शुरूआती तौर पर तेंदुए की जान टाइगर के साथ संघर्ष में होने की आशंका जताई जा रही है लेकिन जान जाने की वास्तविक वजह अभी साफ़ नहीं हो पाई है।
वहीं दूसरी तरफ घटना को लेकर वन विभाग की ओर से मीडिया को विस्तृत जानकारी नहीं दिए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर तेंदुए की जान किन परिस्थितियों में गयी ये बड़ा सवाल बना हुआ है। क्या यह वन्यजीवों के बीच आपसी संघर्ष का मामला है या फिर तेंदुआ किसी का शिकार बना है। इन सवालों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से संवेदनशील इस मामले में पारदर्शिता के साथ जांच और जान जाने के वास्तविक कारणों का खुलासा जरूरी है। देखने वाली बात होगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वन विभाग की जांच में तेंदुए की जान जाने की क्या वजह सामने आती है।