टीआई की मौत के बाद शराब दुकानों पर जांच, ट्रक में कहां से भरी गई थी शराब ? | SAGAR TV NEWS |
हरदा देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की सड़क हादसे में मौत के बाद अब शराब के अवैध परिवहन को लेकर जांच तेज हो गई है। इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की जान चली गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक हरदा जिले के टिमरनी से रवाना हुआ था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ट्रक में शराब कहां से भरी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह एएसपी अमित मिश्रा, तहसीलदार देवशंकर धुर्वे, आबकारी अधिकारी सुनील भोजने और टीआई मुकेश गौड़ की टीम राधाबाई की पुलिया के पास स्थित शराब दुकान पर पहुंची। यहां शराब के स्टॉक का मिलान किया गया। घटना के बाद टिमरनी की दो और रहटगांव की एक शराब दुकान सुबह से बंद बताई जा रही हैं। प्रशासन इन दुकानों के स्टॉक और शराब की सप्लाई से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।
इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम भी शराब दुकान के संचालन को लेकर चर्चा में आया। हालांकि, राहुल जायसवाल ने स्पष्ट किया कि उनके पास शराब का कोई ठेका या लाइसेंस नहीं है। उनके मुताबिक, शराब का ठेका बड़वानी निवासी पाटेंद्र जायसवाल के पास है, जबकि भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं। राहुल ने यह भी बताया कि उनका मुख्य कारोबार बस और पेट्रोल पंप संचालन का है।
वहीं, पुलिस ने रात में शराब ठेकेदार के मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। कुछ सूत्रों के मुताबिक, राधाबाई की पुलिया के पास स्थित दुकान से ही ट्रक में शराब भरकर रवाना हुई थी। हालांकि, प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एएसपी अमित मिश्रा के अनुसार, पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग की टीमें संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। दुकानों के स्टॉक की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शराब से भरा ट्रक कहां से रवाना हुआ था और इस पूरे मामले में किसकी भूमिका है? टीआई की मौत के बाद जांच के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं।