Sagar -कांग्रेस पर बरसे भूपेंद्र सिंह, नसरुद्दीन शाह को पाकिस्तान भेजने की सलाह | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई में पूर्व गृहमंत्री और विधायक भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बांग्लादेश और पाकिस्तान के घुसपैठियों को वोटबैंक के रूप में देश में बसाना चाहती है। इतना नहीं भूपेंद्र सिंह ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का नाम लेते हुए उनके कथित देश विरोधी बयानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भारत ने उन्हें नाम, सम्मान, शोहरत और पैसा दिया, इसके बावजूद वे देश विरोधी बयान देते हैं। सिंह ने कहा कि ऐसे बयानों के लिए उन्हें जेल भेजना चाहिए या पाकिस्तान भेज देना चाहिए।
भूपेंद्र सिंह भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के तहत खुरई के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवादी राजनीति के जरिए सत्ता हासिल करने के लिए देशविरोधी ताकतों से मिलकर साजिश कर रही है। कांग्रेस को यह सपना देखना छोड़ देना चाहिए। लोकतंत्र भारत की आत्मा है, यहां के लोगों के चरित्र में लोकतंत्र बसता है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि लगातार चुनावी हार के बाद राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए भारत विरोधी विदेशी ताकतों से हाथ मिला रहे हैं। उन्होंने जॉर्ज सोरोस, इल्हान उमर, सुनीता विश्वनाथ और लंदन के जेरेमी कॉर्बिन का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान ऐसे लोगों से मुलाकात करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में इन लोगों के साथ राहुल गांधी की कुछ तस्वीरें भी दिखाईं।
उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतें भारत को विकसित और मजबूत देश के रूप में नहीं देखना चाहतीं। उनके मुताबिक, ये ताकतें भारत में राजनीतिक अस्थिरता और अराजकता पैदा करना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनका निशाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है।