आदिवासी धुन पर सांसद-विधायक के ठुमके! स्थापना दिवस पर दिखा गजब अंदाज | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर बुरहानपुर में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने समारोह में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। मंच पर भाषण और विकास की बातें तो हुईं ही, लेकिन जैसे ही आदिवासी लोकनृत्य की धुन बजी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर और कलेक्टर भी खुद को रोक नहीं पाए। सभी पारंपरिक धुनों पर झूमते नजर आए। जनप्रतिनिधियों के इस अंदाज का वीडियो अब आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
दरअसल, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को बुरहानपुर के परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद, विधायक, महापौर और कलेक्टर ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला।
इस दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कृषि, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश और बुरहानपुर में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। नेपानगर विधायक मंजू दादू, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी अतुल पटेल और कलेक्टर विवेक कुमार ने भी अपने विचार रखे।
लेकिन समारोह का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब आदिवासी लोकनृत्य की प्रस्तुति शुरू हुई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकधुनों पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक मंजू दादू, महापौर और कलेक्टर भी थिरकते दिखाई दिए। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और मध्यप्रदेश की संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। अंत में जनप्रतिनिधियों ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। स्थापना दिवस के इस आयोजन में विकास के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश की लोकसंस्कृति की खूबसूरत झलक भी देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों का यह अंदाज समारोह का सबसे यादगार पल बन गया।