साढ़े 3 लाख से भरा बैग चुराने वाला गिरफ्तार, 80 से ज्यादा CCTV खंगाले, दोस्तों पर खर्च और उधारी में चुकाए रूपये !
गल्ला व्यापारी बाजरा छान रहा था उधर उसकी दुकान से एक शातिर चोर साढ़े तीन लाख रूपये का बैग लेकर चंपत हो गया था। पुलिस ने 80 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आखिरकार चोर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तीन लाख 27 हजार रूपये भी बरामद किये। मामला मुरैना जिले के रामनगर चौराहे का है। जहां गल्ला व्यापारी के साढ़े तीन लाख रुपये से भरे बैग की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से नगदी के अलावा बही-खाते भी बरामद किए हैं। चोर ने कुछ रकम दोस्तों पर खर्च कर दी जबकि कुछ उधारी चुका दी।
दरअसल स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर चौराहे पर गल्ला दुकान संचालित करने वाले संतोष बंसल बीते महीने 27 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे गल्ला खरीदने रुपयों से भरा बैग और बही-खाते लेकर पहुंचे थे। तभी अज्ञात बदमाश उनका बैग चोरी कर फरार हो गया था। ये वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन रोड थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने 80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले वहीं मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जौरा के इस्लामपुरा निवासी जहूर उर्फ राजू खान के रूप में हुई।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 3 लाख 27 हजार रुपये नकद और व्यापारी के बही-खाते बरामद किए। इन बही-खातों में व्यापारी के लाखों रुपये के उधारी और लेन-देन का हिसाब दर्ज है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया की आरोपी ने 23 हजार रुपये दोस्तों पर खर्च कर दिए। जबकि कुछ रकम उधारी चुकाने में खर्च हो गई। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है इससे पहले सबलगढ़, कैलारस और नूराबाद थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ संबंधित थानों में पांच अपराध दर्ज हैं। चोरी का खुलासा करने पर एसपी धर्मराज मीना ने स्टेशन रोड थाना पुलिस टीम की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।