ट्रक से टीआई की ले ली जान, आयशर मालिक गिरफ्तार, वहीं तीन शराब दुकानों के लायसेंस रद्द, तीन निलंबित
एमपी के देवास में अवैध शराब की तस्करी के दौरान टीआई को ट्रक से कुचलकर जान ले ली गयी। अब मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाई करते हुए आयशर ट्रक के मालिक कैरम सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं हरदा जिले के टिमरनी में संचालित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं। साथ ही आबकारी विभाग के सहायक जिला अधिकारी अमरसिंह बघेल समेत दो आरक्षकों पर भी निलंबन की कार्यवाई की गयी हैं। राज्य शासन ने जांच की जिम्मेदारी आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक उपेंद्र जैन को सौंपी है। वहीं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा की दोषियों पर कड़ी कार्यवाई की जायेगी।
बता दें की देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर जान ले ली गयी। जिसके बाद अब पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक अवैध शराब से भरा आयशर ट्रक इंदौर होते हुए गुजरात तरफ जा रहा था। सूचना मिलने पर एसपी ने पांच से ज्यादा टीमें गठित कर कन्नौद, सतवास, नेमावर और खातेगांव पुलिस को कार्रवाई में लगाया। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे-59 पर हरदा-नेमावर मार्ग पर नाकाबंदी की गई। तभी ट्रक चालक एक ढाबे पर पानी पीने रुका। खातेगांव TI दिलीप पुरी ने उसे पकड़ने घेराबंदी की और नीचे उतरने को कहा। झूमाझटकी के दौरान चालक ने भागने के प्रयास में ट्रक आगे बढ़ा दिया। जिससे टीआई दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही जान चली गई।
मामले में पुलिस ने अलीराजपुर जिले के बेहड़वा गांव से कैरम सिंह को गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी स्विफ्ट कार से शराब ले जा रहे आयशर ट्रक की पायलटिंग करने का आरोप है। जबकि हरदा कलेक्टर ने पाटेंद्र जायसवाल की टिमरनी स्थित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
पुलिस ने शराब ठेकेदार के मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम भी चर्चा में आया था। हालांकि, उन्होंने शराब ठेके का लाइसेंस अपने पास होने से इनकार किया। उनका कहना है कि ठेका बड़वानी निवासी पाटेंद्र जायसवाल के पास है और भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं।
फिलहाल पुलिस आबकारी और राजस्व विभाग की टीमें शराब के स्रोत, परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।------