टीआई मामले में प्रशासन की कार्यवाई, तीन शराब दुकानों के लायसेंस रद्द, 3 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित
अवैध शराब की कार्यवाई के दौरान ट्रक चढ़ाकर टीआई की जान ले ली गयी। जिसके बाद अब लगातार कार्यवाहियों को अंजाम दिया जा रहा है। देवास जिले खातेगांव में हुई इस दुखद घटना के बाद हरदा जिले के टिमरनी की तीन कंपोजिट शराब दुकानों के लायसेंस निलंबित किये गए हैं। वहीं इसके अलावा आबकारी विभाग के एक अधिकारी और दो आरक्षकों को भी निलंबित किया गया है।
दरअसल खातेगांव में थाना प्रभारी की वाहन से कुचलकर जान लेने के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने टिमरनी वृत्त में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल साथ ही आबकारी आरक्षक अरुण कुमरे और कृष्णपाल सिंह डोडियार को निलंबित कर दिया है। वहीं कलेक्टर कुमार सत्यम ने लायसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल को आवंटित कंपोजिट शराब दुकान सोडलपुर रोड टिमरनी, रहटगांव और हरदा रोड टिमरनी के लायसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने की माने तो बीते 1 नवंबर की रात करीब एक बजे खातेगांव थाना प्रभारी को मिली सूचना के आधार पर इंदौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी हरदा जिले के टिमरनी क्षेत्र की शराब दुकान सोडलपुर रोड टिमरनी के लायसेंसी की दुकान से अवैध रूप से परिवहन की जा रही विदेशी शराब से भरे ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। तभी वाहन चालक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया और वाहन लेकर भाग निकला। हादसे में टीआई की जान चली गयी।
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टाफ के साथ संबंधित शराब दुकानों का निरीक्षण किया। कमियां पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। शुरूआती जांच में सोडलपुर रोड टिमरनी स्थित शराब दुकान से शराब के परिवहन की बात सामने आई। जिसके बाद सम्बंधित दुकानों के लायसेंस निलंबित किये गए।------