खेतों में नरवाई जलाने पर प्रशासन की रहेगी नज़र, हार्वेस्टर संचालकों को सख्त निर्देश, बताये दुष्परिणाम
फसलों की कटाई के बाद नरवाई जलाने पर प्रशासन की निगाहें रहेंगी। इसी को लेकर प्रशासन की टीम ने पहले ही हार्वेस्टर संचालकों को साफ़ निर्देश दे दिए हैं। जिनसे कहा गया की शासन का नियमों का पालन करें किसानों को नरवाई जलाने से रोका जाए। दरअसल एमपी के हरदा में कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर और उपसंचालक कृषि प्रकाश ठाकुर के मार्गदर्शन में छीपाबड़ थाना परिसर बैठक आयोजित की गयी थी। जिसमें तहसीलदार, थाना प्रभारी और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे। खेतों में फसल कटाई के बाद बची नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और किसानों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने को लेकर प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है।
छीपाबड़ थाना परिसर में हुई हार्वेस्टर संचालकों की बैठक में अधिकारियों ने नरवाई न जलाने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और शासन के नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
बैठक में अधिकारियों ने हार्वेस्टर संचालकों को बताया की फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई को जलाना पर्यावरण और कृषि भूमि दोनों के लिए नुकसानदायक है। नरवाई जलाने से मिट्टी के उपयोगी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचता है साथ ही खेतों की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है। इसके अलावा आग आसपास के खेतों, पेड़-पौधों और अन्य संपत्तियों तक फैलने का खतरा भी बना रहता है।
अधिकारियों ने हार्वेस्टर संचालकों से कहा कि वे किसानों को नरवाई न जलाने के लिए जागरूक करें साथ ही फसल कटाई के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि खेतों में आग लगाने जैसी स्थिति निर्मित न हो। किसानों को नरवाई के उचित प्रबंधन के लिए भी प्रेरित किया जाए। ताकि फसल अवशेषों का उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सके।
अधिकारियों ने सभी हार्वेस्टर संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।
------हरदा से अंकुश अशोक विश्वकर्मा सागर टीवी न्यूज़।------