पुलिस की घेराबंदी देख स्कॉर्पियो छोड़ भागे शराब तस्कर, 42 पेटियां बरामद, 2 लाख से ज्यादा कीमत
अवैध शराब का कारोबार जमकर फल फूल रहा है। लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। रात के अंधेरों में शराब की तस्करी की जा रही है। इसी बीच पुलिस ने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने 2 लाख से ज्यादा की 42 पेटियां शराब जब्त की। कार्यवाई मुरैना जिले की पुलिस ने की है।
बताया जा रहा है की ग्वालियर, भिंड से लेकर राजस्थान के धौलपुर तक से रात के अंधेरे में अवैध शराब की खेप मुरैना पहुंच रही है। पोरसा पुलिस ने शराब तस्करों को पकड़ने घेराबंदी की। लेकिन पुलिस को देखते ही तस्कर करीब 2 लाख 10 हजार रुपये की अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले।
अंबाह एसडीओपी प्रशांत भदौरिया को सूचना मिली थी की सोमवार तड़के सेंथरी से कुकथरी तरफ एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। जिस पर पोरसा थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और बंबा वाली कच्ची सड़क पर चेकिंग लगाकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देख शराब तस्करों ने करीब आधा किलोमीटर पहले ही स्कॉर्पियो रोक दी। पहले उन्होंने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन पकड़े जाने के डर से गाड़ी कच्चे रास्ते पर छोड़ दी और खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली। जिसमें अवैध देसी शराब की 42 पेटियां मिलीं। देशी शराब मिली। जिसकी कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई।
पोरसा थाना प्रभारी के मुताबिक शुरूआती जांच में शराब की खेप अंबाह तरफ से आना सामने आया है। स्कॉर्पियो से भागे दो आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शराब को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
------मुरैना से योगेश पाराशर सागर टीवी न्यूज़।------