Sagar -बहन की मौत पर भाई का बड़ा आरोप, न्याय के लिए IG-SP के दरवाजे पहुंचे परिजन
सागर जिले के देवरी के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतिका के मायके पक्ष ने उसके पति और ससुराल वालों पर बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। न्याय की मांग को लेकर परिजन सोमवार शाम करीब 5 बजे आईजी, एसपी और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शिकायती आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि महिला के गले पर रस्सी के निशान थे और उसकी मौत सामान्य नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।
दरअसल, मृतिका संगीता उर्फ बसंती विश्वकर्मा, उम्र 32 वर्ष, का विवाह करीब 15 साल पहले ग्राम पुरैना निवासी महेंद्र विश्वकर्मा से हुआ था। दोनों के दो बेटे हैं। मृतिका के भाई खेमचंद विश्वकर्मा, निवासी वासादेही, जिला नरसिंहपुर ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट होती थी। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि बसंती के पति के मनीषा ठाकुर नाम की महिला से कथित अवैध संबंध थे।
शिकायत के मुताबिक, करीब 11 महीने पहले बसंती को ससुराल से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह नौ महीने तक मायके में रही। रक्षाबंधन के बाद महेंद्र छोटे बेटे की तबीयत खराब होने का हवाला देकर उसे वापस अपने साथ ले गया। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को रिश्तेदारों ने मायके पक्ष को बसंती की मौत की सूचना दी।
परिजनों का कहना है कि जब वे ससुराल पहुंचे तो महिला का शव घर की दहलान में रखा हुआ था और गले पर रस्सी के निशान दिखाई दे रहे थे। मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि महाराजपुर थाने में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई और एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब सवाल यह है कि बसंती की मौत किन परिस्थितियों में हुई? इसका खुलासा निष्पक्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।