पुष्य नक्षत्र पर सराफा बाजार में धन वर्षा, सौ करोड़ की खरीदारी, सोना-चांदी की जमकर हुई खरीद
पुष्य नक्षत्र के मौके पर खरीदारी करना काफी शुभ माना जाता है। इसी को लेकर बाज़ारों में खासी रौनक देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग ज्वेलर्सों की दुकानों पर खरीदारी करने पहुंचे और सोने-चांदी की जमकर खरीदारी की गयी। इसका अंदाजा आप ऐसे लगा सकते हैं की एमपी के उज्जैन स्थित बाज़ार में कारोबार सौ करोड़ रूपये के पार पहुंच गया।
उज्जैन शहर में इस बार रवि पुष्य और दुर्लभ स्वाति नक्षत्र के अद्भुत संयोग पर सोने-चांदी के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सोने के दामों में आई नरमी और इस खास योग के चलते ग्राहकों में गजब का उत्साह दिखा। सराफा बाजार में सबसे ज्यादा धनवर्षा हुई। जानकारों के मुताबिक इस शुभ अवसर पर अकेले उज्जैन सराफा बाजार में करीब सौ करोड़ रुपये के आसपास का शानदार कारोबार दर्ज किया गया। जिसने दुकानदारों के चेहरे खिल उठे।
बाजार में इस बार ग्राहकों की भीड़ को भुनाने स्वर्ण कारोबारियों ने भी पूरी तैयारी कर रखी थी। मध्य प्रदेश स्वर्णकार संघ के उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया की रवि पुष्य के साथ स्वाति नक्षत्र का मेल बहुत लंबे अंतराल के बाद आया है। जिसका धार्मिक और ज्योतिषीय रूप से विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान की गई खरीदी से उन्नति और प्रगति के रास्ते खुलते हैं। बताया कि ग्राहकों के रुझान को देखते हुए दुकानों पर लाइट वेट ज्वेलरी और नई पीढ़ी की पसंद के हिसाब से फैंसी डिजाइनों का नया स्टॉक उतारा गया था। जिसे काफी पसंद किया गया।
वहीं खरीदारी करने पहुंची अंकिता ने बताया कि परंपरा के अनुसार पुष्य नक्षत्र पर सोना या चांदी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदी से घर में बरकत और लक्ष्मी में वृद्धि होती है।