Sagar - दिवाली से पहले शिमला होटल में छापामार कार्रवाई, मिठाइयों के सैंपल लिए
दिवाली से पहले बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य विभाग भी मिलावटखोरों पर नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम ने कटरा बाजार स्थित शिमला होटल में छापामार कार्रवाई की। टीम को होटल में छेना की मिठाइयों में मिलावट की शिकायत मिली थी, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने छेना की मिठाइयों के साथ मगद, मावा और नमकीन के नमूने भी लिए। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के दौरान होटल के किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव और तैयार करने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार कलेक्टर सागर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सैंपल की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।