Sagar - शराब त्रासदी के आरोपी की मौत, परिजनों ने नहीं लिया शव, घर पर चस्पा कराया नोटिस
सागर के बंडा-शाहगढ़ जहरीली शराब त्रासदी के आरोपी जुझार सिंह लोधी की मौत के दो दिन बाद भी उसके परिजन शव लेने नहीं पहुंचे है। पुलिस व जेल प्रशासन के संपर्क करने पर परिजन ने यह कहकर टाल दिया कि अभी खेती-किसानी के काम में व्यस्त है, इसलिए भोपाल जाकर शव लेना संभव नहीं है। उनके जवाब से हैरान पुलिस ने सोमवार को जुझार के नौराज गांव के घर पर नोटिस चस्पा कराया है।
बंडा उपजेल में जुझार सिंह की तबीयत बिगड़ने पर सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। वहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया था। एक हफ्ते तक वह वेंटिलेटर पर रहा। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी
दूसरी ओर मृतक के भाई बहादुर सिंह का कहना है कि परिवार के परिवार के लोग पहले अस्पताल में ही थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन उसकी छुट्टी करने तैयार था। हैंडओवर के लिए लिखित आवेदन और औपचारिकताएं पूरी करने की बात कही गई तो वह सभी गांव वापस लौट आए।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रबंधन और बंडा पुलिस ने मृतक के भाई बहादुर सिंह लोधी, उसकी पत्नी और 22 वर्षीय बेटे से तुरंत संपर्क साधा। लेकिन रविवार और फिर सोमवार बीत जाने के बावजूद परिवार से कोई भी शव लेने भोपाल नहीं पहुंचा। परिजन से संपर्क करने पर वह खेत पर काम व अन्य व्यस्तताओं का हवाला देकर समय न होने की बात कहते है। बताया जा रहा है कि परिजनों के भोपाल न पहुंचने के कारण अभी मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। कानूनी और प्रशासनिक नियमों के तहत शव का अंतिम संस्कार और पोस्टमार्टम समय पर होना अनिवार्य है। परिजनों के रवैये को देखते हुए पुलिस ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए गांव में नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया पूरी की है
बंडा उपजेल की अनुभा चौधरी ने बताया कि परिजनों को सूचित किया गया था. इसके बाद भी वह न तो रविवार को न ही सोमवार को शव लेने भोपाल पहुंचे, पूछने पर व्यस्तताओं का हवाला देते है। इसलिए नियम संगत संबंधित थाने को सूचित कर मृतक के घर पर नोटिस चस्पा कराया गया है।
बंडा के थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि आदेश अनुसार थाना पुलिस ने मृतक के गांव नौराज पहुंचकर उसके परिजनों को सूचित किया गया, साथ ही नियमानुसार घर पर नोटिस तामील किया है।