घनी आबादी में किया गया था पटाखों का भंडारण, चार दुकानों पर छापा, 7 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त
पटाखों का अवैध रूप से विक्रय और उनके भंडारण को लेकर प्रशासन सख्त नज़र आ रहा है। जगह-जगह कार्यवाहियों को भी अंजाम दिया जा रहा है। फिर पुलिस ने दबिश देकर लाखों रूपये के पटाखे जब्त किये हैं। जांच में सामने आया की दुकानदार द्वारा बिना लायसेंस पटाखों की बिक्री की जा रही थी। मामला राजधानी भोपाल से सामने आया। बताया गया की कोतवाली क्षेत्र के ललवानी प्रेस रोड और आसपास की घनी बस्ती में चार दुकानों पर पुलिस और राजस्व टीम ने छापेमार कार्यवाई की। जहां से 7 लाख रुपए से ज्यादा के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई।
बताया जा रहा है की थाना प्रभारी अपाला सिंह को सूचना मिली थी की ललवानी प्रेस रोड और आसपास के भीड़भाड़ वाले बाजार में कुछ दुकानदार बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे हैं। इस बात की पुष्टि होने के बाद टीम ने दुकानों की जांच की। पहले पुलिस ने दो दुकानों से सामग्री जब्त की। इसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने दो अन्य दुकानों पर भी कार्रवाई की। चार दुकानों से अलग-अलग पटाखे जब्त किये गए। 7 लाख से ज्यादा का माल बरामद करते हुए धनराज भटेजा, अल्ताफ अनवर खान, सुनील भटेजा समेत एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसीपी सिटी कोतवाली संतोष पटेल के मुताबिक ये दुकानदार बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे थे। जिनके खिलाफ कार्रवाई कर विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखे और विस्फोटक सामग्री नहीं रखी जा सकती न ही बेची जा सकती है इसलिये कार्यवाई की गयी।