MP में लोकायुक्त का छापा, 4 हजार रुपये रिश्वत लेते आदिवासी विभाग का कर्मचारी पकड़ा
एमपी के छिंदवाड़ा में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आदिवासी विकास विभाग में पदस्थ कर्मचारी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोप है कि कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से ईएमडी यानी अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट की राशि के संबंध में काम करने के एवज में चार हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और आज कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, आदिवासी विकास विभाग में पदस्थ ललित अहिरवार पर रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता का ईएमडी की राशि से जुड़ा काम था। इसी काम के बदले ललित अहिरवार ने कथित तौर पर चार हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। तय योजना के तहत लोकायुक्त की टीम छिंदवाड़ा पहुंची और कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आदिवासी विकास विभाग में कार्रवाई की। यहां कर्मचारी को शिकायतकर्ता से चार हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त की टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू की। फिलहाल विभागीय परिसर में लोकायुक्त अधिकारियों की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी। इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल लोकायुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना होगा कि जांच में और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।