करवा चौथ पर छुट्टी लेकर आए SSB जवान ने पत्नी की हत्या की, 12 साल की बेटी ने खोला राज |SAGAR TV NEWS
एमपी के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जम्मू-कश्मीर में तैनात सशस्त्र सीमा बल यानी SSB का एक जवान करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर घर आया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के साथ सोता रहा और सुबह हार्ट अटैक से मौत होने की कहानी बनाकर शव अपने गांव ले गया। लेकिन 12 साल की बेटी ने पिता की करतूत का राज खोल दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामला मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव का है। भिंड जिले का रहने वाला ज्ञान सिंह SSB में जवान है और जम्मू-कश्मीर में पदस्थ है। वह पत्नी रिंकी और बच्चों के साथ खुरैरी में किराए के मकान में रहता था। 27 अक्टूबर को करवा चौथ के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। बताया जा रहा है कि रविवार को पिता को भिंड छोड़कर लौटने के बाद उसने पत्नी को किसी से मोबाइल पर बात करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
मृतका की बेटी के मुताबिक, विवाद के दौरान पिता ने मां को जमीन पर पटक दिया और छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। वारदात के बाद आरोपी रातभर शव के साथ कमरे में सोता रहा। सुबह शव कार में रखकर अपने गांव छौंदा, जिला भिंड ले गया और ससुराल पक्ष को हार्ट अटैक से मौत होने की सूचना दी।
मृतका के मायके पक्ष को शरीर पर चोट के निशान देखकर शक हुआ। आरोप है कि सवाल करने पर ज्ञान सिंह ने सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसी बीच 12 साल की बेटी ने चुपके से अपने मामा को पूरी घटना बता दी। मामला खुलने के बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में पुलिस की सलाह पर परिजन शव ग्वालियर लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है और प्रारंभिक तौर पर चरित्र शंका को वजह बताया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।