सागर- बीना में मां-बेटी को जिंदा जलाने का आरोप, बेटी की हालत नाजुक; भोपाल रेफर
सागर जिले के बीना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्राम गोदना में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला और उसकी बेटी को कथित तौर पर मिट्टी का तेल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। आरोप महिला की देवरानी काजल गोस्वामी पर लगा है। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मां का इलाज सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि बेटी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना की है। पीड़िता गिरजा बाई दांगी, उम्र 35 वर्ष, और उनकी बेटी आयुषी दांगी पर कथित तौर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण दोनों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए।
बताया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद वजह हो सकता है। पीड़ित पक्ष ने महिला की देवरानी काजल गोस्वामी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। घटना में गिरजा बाई गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए बीएमसी सागर में भर्ती कराया गया है। वहीं बेटी आयुषी की हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया है।
घटना की सूचना मिलते ही बीना थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। वहीं पीड़ित पक्ष के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस अब घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मां-बेटी का उपचार जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पीड़ितों की हालत पर टिकी है।