दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा तोहफा, 1 करोड़ के 522 गुम मोबाइल लौटाए | SAGAR TV NEWS |
दीपावली से पहले एमपी के उज्जैन पुलिस ने सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। जिन मोबाइल फोन के गुम होने के बाद लोगों ने उन्हें वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, वे मोबाइल अब उनके हाथों में हैं। उज्जैन पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये कीमत के 522 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। किसी को अपना पुराना मोबाइल मिला, तो किसी के लिए यह दीपावली का सबसे बड़ा तोहफा बन गया।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में एसपी प्रदीप शर्मा ने मोबाइल बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की आईटी सेल और साइबर टीम ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद अलग-अलग जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से 522 लोगों को उनके मोबाइल वापस मिल सके।
एसपी के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 928 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ 73 लाख रुपये है। वहीं वर्ष 2023 से अब तक उज्जैन पुलिस ने कुल 2 हजार 560 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई गई है। इस अभियान की एक और खास बात सामने आई है। इस साल आम नागरिकों ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए अपने पास पहुंचे 57 गुम मोबाइल फोन स्वयं पुलिस को वापस सौंपे। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने उज्जैन पुलिस का आभार जताया और पुलिस की इस पहल की सराहना की। दीपावली के त्योहार से पहले उज्जैन पुलिस की इस पहल ने सैकड़ों परिवारों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं। पुलिस की तकनीक और आम नागरिकों के सहयोग से गुम मोबाइल उनके असली मालिकों तक पहुंच सके।