सागर- खातेगांव TI की मौत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर निकाला कैंडल मार्च
एमपी के देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की मौत के मामले में सागर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शराब माफिया से जुड़े ट्रक से कुचलकर पुलिस अधिकारी की मौत होने के आरोपों के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने मानव श्रृंखला बनाई और कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तीन बत्ती स्थित गौर मूर्ति पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने घटना की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई और माफिया राज के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी की इस तरह मौत होना बेहद दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब, खनन और भू-माफिया बेखौफ हैं। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के साथ-साथ उनके कथित संरक्षकों पर भी सख्त कार्रवाई हो। साथ ही दिवंगत अधिकारी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
पूर्व विधायक सुनील जैन ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा और मनोबल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक आवाज उठाती रहेगी। इस विरोध प्रदर्शन में संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी, शरद पुरोहित, वीरेंद्र राजे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब देखना होगा कि कांग्रेस की इन मांगों पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।