शहीद टीआई के घर पहुंचे डिप्टी सीएम, बोले कठिन समय में सरकार साथ, 1 करोड़ आर्थिक सहायता समेत नौकरी की घोषणा
बीते दिन शराब की कार्यवाई के दौरान एक दुखद घटना में टीआई अपना फ़र्ज़ निभाते हुए शहीद हो गए। पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में कार्यवाई भी की। वहीं अब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा धार जिले के बरमंडल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जगदीश देवड़ा ने शहीद टीआई दिलीप पुरी के निवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की घोषणा भी की।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा की इस कठिन समय में पूरी सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मामले में सामने आ रहे गुजरात कनेक्शन से जुड़े सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जांच के दौरान जो भी तार या कनेक्शन सामने आएंगे। पुलिस उनकी गहराई से और निष्पक्ष जांच करेगी। इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।------