अधिकारी का मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगी, 98 हजार रूपये किये पार, अलग-अलग खातों में भेजे पैसे
सिर्फ आमजन ही नहीं बल्कि सरकारी अधिकारी भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं इसी तरह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां जनपद पंचायत के सीईओ के मोबाइल फोन को हैक करने के बाद उनके बैंक खाते से 98 हजार रूपये पार कर दिए। करीब दो घंटे तक उनका मोबाइल हैकरों के नियंत्रण में ही रहा। मामला ग्वालियर जिले से सामने आया है। जहां भितरवार जनपद पंचायत के सीईओ एलएन पिप्पल को निशाना बनाते हुए ठगों ने खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए। जिसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराते हुए भितरवार थाने में आवेदन दिया। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सीईओ एलएन पिप्पल के मुताबिक अचानक उनका मोबाइल काम करना बंद हो गया। करीब दो घंटे तक वह फोन को इस्तेमाल नहीं कर सके। मोबाइल सामान्य होने के बाद जब उन्होंने यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच की तो खाते से छह बार रकम ट्रांसफर करने की कोशिश सामने आई। जिसमें तीन ट्रांजेक्शन सफल रहे। जबकि तीन असफल हो गए। इस तरह ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 98 हजार रुपए भेज दिए। इस बात का पता चलते है उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद भितरवार थाने पहुंचकर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह कुशवाह को लिखित आवेदन दिया। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों और यूपीआई आईडी का पता लगाया जा रहा है जहां ठगी की रकम पहुंची है। वहीं मोबाइल हैक होने के तरीके की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
सामने आये इस मामले ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात ये भी है की आखिर अधिकारी का मोबाइल हैक हुआ कैसे। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। मामले में एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने जानकारी दी।-