बुंदेली गायक सुनील लोधी के आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निभाया वादा
जिस आवाज ने बुंदेलखंड के लाखों लोगों के दिलों को छुआ, अब उन्हीं आवाज के मालिक सुनील लोधी की आंखों में रोशनी लौटने की उम्मीद जगी है। सागर के युवा बुंदेली गायक सुनील लोधी के आंखों के उपचार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुछ समय पहले सुनील और उनके परिवार से मुलाकात कर बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया था। अब मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाते हुए सुनील के उपचार की दिशा में पहल की है।
दरअसल, बुंदेली गीत-संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सुनील लोधी आंखों की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी प्रतिभा और संघर्ष की जानकारी सामने आने के बाद सितंबर 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील और उनके परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को गंभीरता से सुना और हरसंभव मदद का भरोसा दिया था।
मुख्यमंत्री ने उस मुलाकात में सुनील लोधी के आंखों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने, संगीत की शिक्षा दिलाने और एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से सुनील और उनके परिवार को नई उम्मीद मिली थी। अब उनके आंखों के उपचार की प्रक्रिया शुरू होने से परिवार में खुशी का माहौल है।
यह पहल सिर्फ एक कलाकार के इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उस प्रतिभा को आगे बढ़ाने की उम्मीद भी है, जिसने अपनी बुंदेली आवाज से लोगों के दिलों में जगह बनाई है। सुनील लोधी के बेहतर उपचार और संगीत शिक्षा से उनके भविष्य को नई दिशा मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के वादे के बाद उपचार की प्रक्रिया शुरू होना सुनील लोधी और उनके परिवार के लिए राहत भरी खबर है। अब सभी को उम्मीद है कि इलाज के जरिए उनकी आंखों की रोशनी बेहतर होगी और उनकी सुरीली आवाज एक बार फिर नए मुकाम हासिल करेगी।