टीआई मामले में कांग्रेस ने सरकार को घेरा, हल्लाबोल प्रदर्शन , पुलिस को ही नहीं बख्स रहे माफिया !
हाल ही में एक बेहद दुखद मामला सामने आया जहां अवैध शराब की कार्यवाई के दौरान टीआई शहीद हो गए। देवास जिले में हुई इस घटना से प्रदेश भर में आक्रोश है। वहीं इस मामले में कांग्रेस पर सरकार पर हमलावर है। इसी को लेकर उज्जैन में कांग्रेस ने हल्लाबोल प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। देवास जिले के खातेगांव में शराब माफियाओं ने टीआई को गाड़ी से कुचल दिया था। जिससे उनकी जान चली गयी। इस घटना के बाद मालवा अंचल की सियासत भी गरमाई हुई है। इसके विरोध में उज्जैन के ऐतिहासिक टावर चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। विशाल मानव श्रृंखला बनाकर कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक तंत्र को आड़े हाथों लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे तराना विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि सागर और देवास में जहरीली शराब से जान जाने के बाद अब फर्ज निभा रहे ईमानदार पुलिस अधिकारियों को भी कुचला जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सूबे में कानून के रखवाले ही सुरक्षित नहीं हैं। तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने प्रदेश के हालातों को जंगलराज करार दिया। आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए वह आमजन की आवाज उठा रहे हैं। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने भी इस घटनाक्रम पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा की किसी पुलिस अधिकारी पर गाड़ी चढ़ाने की हिमाकत कोई अपराधी तभी कर सकता है जब उसके सिर पर किसी बड़े राजनेता का हाथ हो।------ जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने भी सरकार जमकर घेरा।