निर्माण कार्यों में धांधली और नक्शा बदलने के आरोप, बड़े पैमाने पर की गड़बड़ी, निगम करा रही ठेकेदार से काम !
नगर निगम द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों में ठेकेदार पर धांधली और नाले का नक्शा बदलने के आरोप लग रहे हैं। आरोप है की ठेकेदार ने बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की है। मामले में जांच कर कार्यवाई की मांग की जा रही है। तस्वीरें उज्जैन जिले के लक्ष्मी नगर चौराहे से सामने आई हैं।
बताया गया की नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है जहां ठेकेदारों की मनमानी और गंभीर अनियमितता का आरोप लगा है। शहर के शांति भवन चौराहे से उद्यान मार्ग तक चल रहे सड़क और नाला निर्माण कार्य के दौरान लक्ष्मी नगर चौराहे और शनि मंदिर के पास ठेकेदार द्वारा बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप है।
मामले का खुलासा करते हुए हेमंत कुमार दिल्लीवाल ने बताया की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की तरफ से नाले का निर्माण बिल्कुल सही दिशा और एलाइनमेंट में आ रहा था। लेकिन जैसे ही काम शनि मंदिर के पास (लक्ष्मी चौक चौराहे के आगे) पहुंचा। ठेकेदार ने नाले की लाइन को अचानक तीन से चार फीट पीछे खिसका दिया। दिल्लीवाल का कहना है की तय योजना के तहत नाले और लाइन को शनि मंदिर और गणेश मंदिर को व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करते हुए एक सीधी लाइन में लाया जाना था। लेकिन ऐसा न करते हुए नाले को घुमाकर पीछे से निकाल दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया की यह पूरी गड़बड़ी किसी खास व्यक्ति या संस्था को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जानबूझकर की गई है जो काफी गंभीर अनियमितता है। बताया की इस मामले को लेकर जल्द ही नगर निगम कमिश्नर और कलेक्टर से मिलकर जांच की मांग की जाएगी। ताकि दोषियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जा सके।