इस मंदिर में 40 लाख के नोटों से होगी अनोखी सजावट, सजेगा माता का दरबार, अभिनेत्री ने किये दर्शन
इस बार दीपावली और भी खास होने वाली है। अति प्राचीन मंदिर में करीब 40 लाख रुपए के करंसी नोटों की अनोखी सजावट से माता रानी का दरबार सजाया जायेगा। इससे पहले तारक मेहता उलटा चश्मा फेम आत्माराम भिड़े की पत्नी स्नेहल सानवरकर ने इस मंदिर पहुंचकर अलौकिक दर्शन किये। दरअसल यहां बात उज्जैन जिले के नई पेठ स्थित काफी प्राचीन गजलक्ष्मी मंदिर की हो रही है।
इस बीच धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम आत्माराम भिड़े की धर्मपत्नी और अभिनेत्री स्नेहल सानवरकर ने भी मंदिर में माथा टेककर अलौकिक दर्शन किये। मंदिर के पुजारी अनिमेष शर्मा के मुताबिक रवि पुष्य नक्षत्र से भाई-खाता पूजन के साथ त्योहार की रंगत शुरू हो चुकी है। धनतेरस पर भक्तों को सुख-समृद्धि का प्रतीक पीली कौड़ी और सिक्का बांटा जाएगा। वहीं दीपावली के दिन दूध से विशेष अभिषेक कर रात भर छप्पन महाभोग अर्पित किए जाएंगे।
आगामी 10 नवंबर मंगलवार को आयोजित होने वाले पारंपरिक सुहाग पर्व पर भी माता के आंगन में खासी रौनक देखने को मिलेगी। यहां सुबह से ही अखंड सौभाग्य की कामना से सुहागिनें और मनभावन वर की चाह में कुंवारी कन्याएं कुमकुम और सुहाग सामग्री लेने पहुंचेंगी। साल भर भक्तों द्वारा चढ़ाई गई सुहाग सामग्री को इकट्ठा कर माता को समर्पित किया जाता है फिर पुजारी परिवार द्वारा इसे महिलाओं में प्रसादी के रूप में बांट दिया जाता है।
मंदिर पहुंची स्नेहल सानवरकर ने कहा की स्फटिक निर्मित स्थिर महालक्ष्मी, राहु-केतु और मनसा देवी की प्रतिमाओं को निहारना उनके लिए जीवन का यादगार लम्हा बन गया। उन्होंने प्राचीन कथाओं का जिक्र करते हुए कहा कि योद्धाओं के सकुशल लौटने की भूमि पर बने इस मंदिर की यादें वह अपने बच्चों के लिए खजाने के रूप में ले जा रही हैं।--