अफसरों और ठेकेदारों की मनमानी, पाइपलाइन फूटने से बह निकला लाखों लीटर पानी,लोगों में गुस्सा
विकास कार्यों के नाम पर अफसरों और ठेकेदारों द्वारा मनमानी की जा रही है। जिसका खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। दरअसल आरोप है की पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार की लापरवाही से पानी की मुख्य पाइपलाइन फूट गयी। जिससे लाखों लीटर पानी बह निकला। एक तरफ पानी की बर्बादी हुई वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक जाम होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तस्वीरें उज्जैन से सामने आई हैं।
बताया जा रहा है की एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण कर रही कंपनी की घोर लापरवाही के चलते पेयजल सप्लाई की मुख्य पाइपलाइन अचानक फूट गई। जिससे देखते ही देखते भीषण स्थिति बन गई। सूखे के मौसम में लाखों लीटर शुद्ध पेयजल सड़कों पर व्यर्थ बह गया। पीडब्ल्यूडी के लापरवाह अधिकारियों और बेपरवाह ठेकेदारों की इस कारस्तानी की वजह से शहरवासियों को बिन मौसम जलसंकट का सामना करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
सड़कों पर तेजी से पानी फैलने से सिर्फ पेयजल व्यवस्था ठप नहीं हुई। बल्कि पूरे इलाके के आवागमन को भी पूरी तरह से रोक दिया। मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से वाहनों के पहिए थम गए। घंटों तक राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासियों का कहना था की निर्माण कंपनी के कर्मचारी बिना किसी पूर्व तैयारी और मैपिंग के भारी मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिससे यह बड़ा हादसा हुआ है। बेतहाशा पानी की बर्बादी से लोगों में जबरदस्त गुस्सा देखने मिला। लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग और निर्माण कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।