सागर में बनेगा 101 फीट का विशाल गोवर्धन पर्वत! 9 नवंबर को हफसिली में भव्य मेला | SAGAR TV NEWS |
सागर में इस बार गोवर्धन पूजा का आयोजन बेहद खास और भव्य होने जा रहा है। हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर गोबर और मिट्टी से 101 फीट लंबा और 11 फीट ऊंचा विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार किया जाएगा। इसके साथ भगवान श्रीकृष्ण की पर्वत उठाए हुए प्रतिमा, गौमाता की झांकी और आकर्षक सजावट भी देखने को मिलेगी। 9 नवंबर को यहां गोवर्धन पूजा के साथ भव्य मेले का आयोजन होगा। तैयारियों का जायजा लेने निगमायुक्त राजकुमार खत्री स्वयं आयोजन स्थल पहुंचे।
नगर निगम और पशुपालन संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बुधवार को निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने हफसिली डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, गोवर्धन पर्वत निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पर्वत निर्माण के लिए स्थल पर माप कराकर चूने से निशान भी डलवाए गए।
इस बार गोवर्धन पर्वत को आकर्षक रंगों से सजाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण, उनकी गौमाताओं और अन्य धार्मिक आकृतियों की झांकियां भी बनाई जाएंगी। आयोजन में मोनिया नृत्य, दिवाली नृत्य और ग्वाल नृत्य जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों के साथ ढोल, ताशे और नगड़िया की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन में 56 भोग अन्नकूट प्रसादी का विशेष आयोजन होगा। पशुपालक और स्थानीय नागरिक अपने घरों से पकवान लाकर भगवान को भोग लगाएंगे। इसके साथ ही पशुपालक अपनी गायों को रंग-बिरंगे रंगों और आभूषणों से सजाकर मेले में लाएंगे और गौपूजन करेंगे। निगमायुक्त ने कहा कि इस आयोजन के जरिए धार्मिक परंपराओं के साथ नागरिकों को स्वच्छता, सुंदरता और शहर के विकास के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
सागर में पहली बार इतने विशाल आकार के गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया जा रहा है। अब 9 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में सागर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।