Sagar- महिला आरक्षक ने युवती को जड़ा थप्पड़, सीएम हेल्पलाइन बंद कराने घर पहुँची थी पुलिस
सागर सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत बंद कराने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। गोपालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला आरक्षक पर युवती के घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट करने और सरेआम थप्पड़ मारने के आरोप लगे हैं। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने अपने पिता के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की और अधिकारियों को थप्पड़ मारने का वीडियो भी दिखाया।
युवती खुशबु रजक के मुताबिक, 21 अक्टूबर को दीपक नाम का एक युवक उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था। इस मामले में उसने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी। युवती का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद से ही उसे सीएम हेल्पलाइन बंद करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायत वापस नहीं लेने पर धमकियां भी दी गईं।
पीड़िता का आरोप है कि इसी सिलसिले में गोपालगंज थाने की महिला आरक्षक उसके घर पहुंची थी। वह युवती का मोबाइल लेकर खुद ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद करने का प्रयास कर रही थी। जब युवती ने आरक्षक से अपना मोबाइल वापस लिया तो वह नाराज हो गई और गुस्से में उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके साथ यह घटना परिवार के सामने हुई और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
इसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। यहां उसने महिला आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सीसीटीवी फुटेज अधिकारियों को सौंपा। अब मामला सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका और सीएम हेल्पलाइन की शिकायत बंद कराने के लिए कथित दबाव बनाने के आरोपों पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस अधिकारियों की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।