शहीद टीआई मामले में बड़ी कार्यवाई, मुख्य आरोपी और साथी का शॉर्ट एन काउंटर, जवाबी कार्यवाई में पकड़ा !
हाल ही में एक दुखद घटना में शहीद हुए टीआई के मामले में बड़ी खबर सामने आई है पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी है। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से इंदौर रैफर किया गया। मामला देवास जिले का है जहां खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मुख्य आरोपी आयशर चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और उसके साथी धीरज का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों को आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम उन्हें अलग-अलग रास्तों से देवास और खातेगांव ला रही थी। तभी दोनों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू को एसआईटी टीम आलीराजपुर से खातेगांव ले जा रही थी। रास्ते में राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे। तभी आरोपी ने लघुशंका जाने का बहाना बनाया और मौके का फायदा उठाकर भागने लगा। पुलिस की माने तो उसने एक एएसआई की रिवॉल्वर छीन ली साथ ही पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाई कर गोली चलाई जो उसके पैर में जा लगी। इसके बाद उसे घेराबंदी कर दबोचा। साथ ही रिवॉल्वर भी बरामद की गयी।
इसके अलावा उसके साथी धीरज ने भी पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। भोपाल बायपास के पास कार्यवाई में धीरज को पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे भी पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों को देवास जिला अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रैफर किया गया।------