कॉलेज बस पर 10 युवकों का हमला ! छात्रों और ड्राइवर से मारपीट, तोड़े शीशे
एमपी के मुरैना में कॉलेज बस पर फिल्मी अंदाज में हमला करने का मामला सामने आया है। राजस्थान के धौलपुर से छात्रों को लेकर आ रही श्रीराम कॉलेज की बस को बाइक सवार 8 से 10 युवकों ने निशाना बनाया। हमलावरों ने बस के शीशे तोड़ दिए और विरोध करने पर ड्राइवर सहित कई छात्रों के साथ मारपीट की। वारदात के बाद हमलावर अपनी तीन बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि बस पर हमला करवाने के पीछे कॉलेज के ही एक छात्र का नाम सामने आया है। हालांकि, थाने में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया।
घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे धौलपुर रोड पर बैरियर अंडरब्रिज के पास की है। बानमोर के श्रीराम कॉलेज की बस रोजाना की तरह धौलपुर से छात्रों को लेकर मुरैना आ रही थी। अंबाह बायपास के पास बस रुकते ही एक युवक ने ड्राइवर से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। इसके बाद युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
कुछ ही देर में 8 से 10 युवक बाइक से पहुंचे और बस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बस के शीशे तोड़ दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे छात्रों के साथ भी मारपीट की गई। ड्राइवर रामू ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के ही छात्र अवधेश उर्फ भोला ने विवाद शुरू किया और फिर अपने साथियों को बुलाया। छात्र मानव राजपूत के मुताबिक, मारपीट में चार से पांच छात्र प्रभावित हुए, जबकि अनिकेत और केडी को हल्की चोटें आईं।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने मौके से तीन बाइक जब्त कीं, जिनमें एक बुलेट भी शामिल है। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां करीब दो घंटे तक कार्रवाई को लेकर बातचीत चली। कोतवाली के एसआई अरुण सिंह कुशवाह के मुताबिक, दोनों पक्षों ने आपस में राजीनामा कर लिया और थाने से चले गए। फिलहाल इस घटना में पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी, क्योंकि दोनों पक्षों ने राजीनामा कर लिया। दिनदहाड़े कॉलेज बस पर हुए इस हमले ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।