Sagar- दीपावली से पहले सागर में मिठाई कारखानों पर छापा ! मिल्क केक-बर्फी के सैंपल लिए
दीपावली का त्योहार नजदीक है और बाजारों में मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में कहीं त्योहार की मिठास में मिलावट का जहर न घुल जाए, इसे लेकर सागर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने दो मिठाई कारखानों का निरीक्षण कर मिल्क केक, केसर बर्फी, मूंग बर्फी और मावा कतली के नमूने लिए हैं। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, आगामी त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर सागर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग जिलेभर में मिलावट के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राजस्थान स्वीट्स के कारखाने का निरीक्षण किया। यहां मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच के लिए मिल्क केक, केसर बर्फी और मूंग बर्फी के नमूने एकत्र किए गए।
इसके बाद टीम ने सिदगुवां स्थित मेसर्स श्री भैया लाल जी ट्रेडिंग हाउस के कारखाने का निरीक्षण किया। यहां से मावा कतली का नमूना लिया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के सभी मिठाई निर्माताओं और विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि मिठाइयों में फूड कलर का इस्तेमाल कम से कम किया जाए। जरूरत पड़ने पर केवल FSSAI से अनुमत खाद्य रंगों का ही निर्धारित मात्रा में उपयोग करें। अमानक रंग या मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा और शीतल सिंह शामिल रहे।
फिलहाल सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।