Sagar- दीपावली त्यौहार को लेकर पुलिस मुस्तैद, थाना प्रभारी ने निकाला पैदल मार्च, शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
दीपावली यानि खुशियों का त्यौहार, इस दिन किसी तरह का कोई व्यवधान न हो। इस त्योहार को लोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाएं इसको लेकर पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद है। हर तरह की गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है। इसी को लेकर सागर जिले के गढ़ाकोटा नगर में थाना प्रभारी गौरव तिवारी ने पैदल मार्च निकाला। साथ ही प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील भी की।
दरअसल आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना प्रभारी गौरव तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाजार क्षेत्र समेत नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। साथ ही व्यापारियों के अलावा आम नागरिकों से मुलाकात कर त्योहार की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
थाना प्रभारी गौरव तिवारी ने नगरवासियों से दीपावली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की बात कही। पैदल मार्च के दौरान पुलिस बल नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय नजर आया।