Sagar - नए एसपी की पहली क्राइम मीटिंग, थाना प्रभारियों से अपराध का सालाना रिकॉर्ड पूछा तो ज्यादातर नहीं बता पाए
सागर नए पुलिस कप्तान संजीव सिन्हा ने पहली क्राइम मीटिंग ली। जिलेभर के थाना व चौकी प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एसपी ने जब संबंधित थाना व चौकी क्षेत्र में सालाना अपराध की संख्या और वारदातों के ट्रेंड के बारे में पूछा तो ज्यादातर सटीक जवाब नहीं दे पाए। शहर के सबसे बड़े थाना मोतीनगर के प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि इलाके में कटरबाजी का ट्रेंड है। कोतवाली टीआई मनीष सिंघल ने कहा कटरा में चारों तरफ ट्रैफिक समस्या रहती है। कैंट टीआई रोहित डोंगरे ने इलाके को संवेदनशील बताया तो बीना टीआई अनूप यादव ने कहा कि बीना रिफाइनरी में आने वाले हर व्यक्ति का वेरिफिकेशन करना पड़ता है।
एसपी सिन्हा ने क्राइम मीटिंग के दौरान दो टूक शब्दों में कहा कि जो काम करेगा, वही थाना-चौकियों में रहेगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को पैदल पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। जिस पर देर शाम से ही अमल शुरू हो गया। मीटिंग के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी सिन्हा ने सागर की जनता को आश्वस्त किया कि अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। कटरबाजों पर और सख्ती से लगाम कसेंगे। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर के साथ सुगम यातायात के लिए काम करेंगे। जुआ, सट्टा व अवैध शराब बिक्री पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई है।