sagar - त्योहारों से पहले सागर पुलिस अलर्ट! होटल संचालकों को सख्त निर्देश, CCTV को लेकर सख्त निर्देश
त्योहारों का मौसम नजदीक है और इसी के साथ सागर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अब होटलों पर भी विशेष नजर रखेगी। इसी कड़ी में नगर पुलिस अधीक्षक ने शहर के होटल संचालकों और व्यवसायियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दिए हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि होटल में ठहरने वाले हर व्यक्ति की पहचान का सत्यापन होना चाहिए, सीसीटीवी कैमरे चालू रहें और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
दरअसल, आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से सागर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने होटल संचालकों की बैठक ली। इसमें शहर अनुभाग के सभी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
बैठक में होटल संचालकों को निर्देश दिए गए कि प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग और रिसेप्शन सहित प्रमुख स्थानों पर अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इतना ही नहीं, होटल के सामने की सड़क पर नजर रखने वाला कैमरा भी अनिवार्य रूप से लगाया जाए। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के साथ होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पहचान पत्र का सत्यापन और रजिस्टर में पूरी जानकारी दर्ज करने को कहा गया।
पुलिस ने होटल कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराने और उनका विवरण संबंधित थाने को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही होटल परिसर में अवैध शराब बिक्री, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना देने की हिदायत दी गई। पुलिस का मानना है कि होटल संचालकों की सतर्कता और सहयोग से त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। अब इन निर्देशों का पालन कितना होता है, इस पर भी पुलिस की नजर रहेगी।