सागर- किराना दुकान की आड़ में पटाखों की बिक्री, पुलिस के छापे में मिला जखीरा, 2.77 लाख का सामान जब्त
अवैध रूप से पटाखों को लेकर सागर जिले में भी पुलिस प्रशासन की कड़ी निगाहें हैं। लगातार समझाइश भी दी जा रही है और कार्यवाहियों को भी अंजाम दिया जा रहा है। इसी तरह सागर के खुरई थाना पुलिस ने भी पठार स्थित एक किराना दुकान में कार्यवाई की है जहां बड़ी संख्या में पटाखे जब्त किये गए हैं। छापामार कार्यवाई के दौरान पटाखों का जखीरा मिला। जिसकी कीमत 2 लाख 77 हजार रूपये बताई जा रही है। पुलिस ने पटाखों को जब्त करते हुए मामला दर्ज किया है। साथ ही जांच भी शुरू की है।
बताया जा रहा है की मामला खुरई के पठार स्थित अर्चित किराना दुकान का है। जहां दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध कारोबार किया जा रहा था। पुलिस ने जब दुकान पर छापा मारा तो अंदर छिपाकर रखे पटाखों का बड़ा जखीरा मिला। बिना लाइसेंस चल रहे इस कारोबार से पुलिस ने 2 लाख 77 हजार रुपए कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जांच के दौरान दुकान के अंदर रखे सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, अनार और फुलझड़ी समेत कई प्रकार के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है की पुलिस कप्तान द्वारा सुरक्षा के मद्देनज़र अवैध तरीके से पटाखों को लेकर निर्देश दिए गए हैं। जिसको लेकर जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पतासाजी कर कार्यवाई की जा रही है। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्यवाई की है।