सागर- बीना में मां-बेटी को ज लने के मामले में रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार, मां की हुई मौ त
सागर जिले के बीना में मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुरानी पारिवारिक रंजिश और पति के साथ पीड़िता के कथित मैत्री संबंधों के शक में आरोपी महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना में झुलसी 35 वर्षीय गिरजा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग बेटी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
मामला 2 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी काजल गोस्वामी पेट्रोल से भरी स्टील की डोलची लेकर गिरजा के घर पहुंची। वहां मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और गांव के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी महिला घटना के समय पीड़िताओं के घर की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पेट्रोल रखने वाली स्टील की डोलची, ढक्कन, कपड़े, जूते और माचिस बरामद किए गए। इसके अलावा पीड़िताओं के अधजले कपड़े और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना से एक दिन पहले स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रखा था। वारदात के बाद कपड़े छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है। गिरजा की मौत के बाद पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी पीड़िता का उपचार जारी है और मामले की आगे जांच की जा रही है।