Sagar- खेतों में ड्रोन उड़ाकर कमाई कर रही बीटेक छात्रा, कैसे बदल गई शिवपाली की जिंदगी, देखिए
बेटियां जब कुछ कर गुजरने की ठान लेती हैं, तो उनके हौसलों के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। कोई हाथों में किताबें लेकर भविष्य संवारता है, तो कोई अपने हुनर से परिवार की जिम्मेदारियां उठाता है। लेकिन सागर जिले के पड़रिया गांव की शिवपाली दांगी इन दोनों जिम्मेदारियों को एक साथ निभा रही हैं। एक तरफ बीटेक की पढ़ाई, दूसरी तरफ हाथों में ड्रोन का कंट्रोल और सामने किसानों के खेत। शिवपाली की कहानी सिर्फ आत्मनिर्भर बनने की नहीं, बल्कि बदलते भारत में बेटियों की नई पहचान की कहानी है।
आज शिवपाली किसी ऑफिस में बैठकर नौकरी नहीं कर रहीं, बल्कि ऑटो में अपना ड्रोन लेकर गांव-गांव और खेत-खेत पहुंचती हैं। कभी गेहूं की फसल, कभी मक्का तो कभी सोयाबीन और सब्जियों में ड्रोन से खाद और दवाओं का छिड़काव करती हैं। इस काम से वह न सिर्फ अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठा रही हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटा रही हैं।
बीटेक करने के दौरान शिवपाली को करीब दो साल पहले नमो ड्रोन दीदी योजना के बारे में पता चला। उनके पिता सुरेंद्र सिंह किसान मित्र हैं, लिहाजा खेती-किसानी से उनका जुड़ाव पहले से था। जब उन्हें जानकारी मिली कि इस योजना में तकनीकी जानकारी रखने वाले युवाओं के लिए भी अवसर हैं, तो उन्होंने आवेदन करने का फैसला किया।
आवेदन के बाद इंटरव्यू हुआ और चयन होने पर शिवपाली को 15 दिन की ट्रेनिंग के लिए ग्वालियर भेजा गया। यहां उन्होंने ड्रोन उड़ाने, उसे नियंत्रित करने और खेतों में फसलों पर छिड़काव करने की तकनीक सीखी। ट्रेनिंग पूरी हुई तो उनके सपनों को पंख मिल गए। इफको की ओर से उन्हें करीब 12 लाख रुपये का ड्रोन प्रोजेक्ट मिला। इसमें 20 लीटर क्षमता वाला आधुनिक ड्रोन और खेतों तक पहुंचने के लिए एक ऑटो शामिल है।
शिवपाली के लिए अब उनका ऑटो किसी वाहन से कम नहीं, बल्कि रोजगार का चलता-फिरता साधन बन गया है। इसी में ड्रोन लेकर वह किसानों के खेतों तक पहुंचती हैं। किसानों की जरूरत के अनुसार नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, घुलनशील उर्वरक, कीटनाशक और टॉनिक का छिड़काव करती हैं। मक्का, गन्ना और गेहूं जैसी ऊंची फसलों में ड्रोन से छिड़काव करने के सब्जियों में भी एक करती है,
इफको के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर देवकरण नागर के मुताबिक सागर जिले में कुल 6 ड्रोन दीदियां काम कर रही हैं। अब किसान भी आधुनिक तकनीक को अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं और ड्रोन से छिड़काव कराने में उनकी दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।