Sagar - कृषि मंडी दिवाली पर 5 दिन बंद रहेगी, आखिरी दिन रिकॉर्ड खरीदी जाने आज के भाव
सागर में 6 नवंबर यानी धनतेरस से मंडी अगले 5 दिन के लिए बंद रहेगी इससे पहले गुरुवार को आखिरी दिन इस सीजन की रिकॉर्ड 39 हजार क्विंटल उपज की खरीदी की गई है, इसमें सबसे ज्यादा मक्का की 28,389 क्विंटल आवक हुई। उपज में अलसी का सबसे अधिक भाव 9,350 रुपए प्रति क्विंटल रहा। उड़द का उच्चतम भाव 8,075 रुपए दर्ज किया गया। मसूर का उच्चतम भाव 7,705 रुपए रहा। सोयाबीन का मॉडल भाव 6,600 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज हुआ।
दीपावली पर्व के चलते खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी 6 नवंबर धनतेरस से 10 नवंबर तक बंद रहेगी। तिलहन अनाज व्यापारी संघ के मुताबिक 11 नवंबर बुधवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद मंडी में कारोबार होगा। इस दिन व्यापारी दोज पूजन के बाद सुबह 11 बजे से अनाज की डाक शुरू करेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे साप्ताहिक अवकाश के बावजूद 11 नवंबर को अपनी उपज नीलामी के लिए मंडी ला सकते हैं। मंडी में इस दिन नियमित रूप से नीलामी प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
कृषि उपज मंडी में 5 नवंबर को कृषि उपजों की आवक और कारोबार के दौरान अलग-अलग फसलों के भाव में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मंडी में सबसे अधिक आवक मक्का की रही। वहीं सोयाबीन 5,492 क्विंटल और गेहूं 2,976 क्विंटल की आवक के साथ प्रमुख फसलों में शामिल रहे। इनके कारोबार के लिए 1,552 अनुबंध पत्रक दर्ज किए गए।
मंडी में भाव की बात करें तो अलसी सबसे महंगी फसलों में शामिल रही। इसका न्यूनतम और मॉडल भाव 8,800 रुपए, जबकि उच्चतम भाव 9,350 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। उड़द का भाव भी 8,075 रुपए के उच्चतम स्तर तक पहुंचा। मसूर का अधिकतम भाव 7,705 रुपए और सरसों का 7,700 रुपए प्रति क्विंटल रहा।
चना का मॉडल भाव 6,405 रुपए और सोयाबीन का 6,600 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। गेहूं का मॉडल भाव 2,700 रुपए रहा, जबकि इसका उच्चतम भाव 4,755 रुपए तक पहुंचा। मक्का का मॉडल भाव 2,300 रुपए और अधिकतम भाव 2,810 रुपए प्रति क्विंटल रहा। इसके अलावा बटरी का मॉडल भाव 3,825 रुपए, तिवड़ा का 3,400 रुपए और मूंग का 4,400 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।