रिहायशी इलाकों में जमा बारूद का ढेर, बेरोक टोक हो रहा पटाखों का कारोबार, सुरक्षा के इंतजाम ?
एक तरफ प्रशासन लगातार हिदायत दे रहा है की भीड़भाड़ वाले इलाकों में बारूद का कारोबार न किया जाए। इन जगहों पर विस्फोटक सामग्री का स्टॉक न रखें। लेकिन व्यापारी मानने तैयार नहीं हैं। और रिहायशी इलाकों में बड़ा कारोबार किया जा रहा है। पटाखों की थोक दुकानों में भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं किये गए। तस्वीरें रीवा जिले की हैं। चोरहटा थाना क्षेत्र के मैदानी इलाके में पटाखों की थोक दुकानें और गोदाम संचालित किए जा रहे हैं। हैरानी की बात तो ये है की कार्यवाई करने पहुंची टीम ही खाली हाथ लौट आई।
आरोप है की यहां बिना वैध लाइसेंस और जरूरी सुरक्षा इंतजामों के बड़े पैमाने पर पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है। न फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम हैं न ही नियमों के मुताबिक भंडारण की व्यवस्था है।
मैदानी इलाके में दीपू पटाखा और घनश्याम पटाखा के नाम से संचालित दुकानें महज फुटकर बिक्री तक सीमित नहीं हैं। बल्कि यहां बड़े पैमाने पर थोक कारोबार किया जाता है। ऐसे में इन दुकानों और गोदामों में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के भंडारण का मामला स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बन गया है। घनी आबादी के बीच इस तरह का कारोबार किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
मामले में सिटी एसपी आलोक वर्मा ने दुकानदारों को पटाखों के भंडारण, बिक्री और सुरक्षा संबंधी नियमों का पाठ पढ़ाया और निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। लेकिन टीम खाली हाथ लौट आई। जिससे ये सवाल उठ रहे हैं की जब मौके पर नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आ रही थीं तो फिर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गयी।
सवाल ये भी है की रिहायशी इलाकों में पटाखों के कारोबार की अनुमति किन नियमों के तहत दी गयी। वहीं देखने वाली बात ये है की जिम्मेदार आगे जांच कर क्या कार्यवाई करते हैं।