दीपावली से पहले गहराया वेतन का संकट, शहर की जलापूर्ति बंद करने की चेतावनी, अगस्त से नहीं मिला वेतन !
दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन का संकट सता रहा है। इसी को लेकर उन्होंने चेतावनी दी है की अगर त्योहार से पहले बकाया भुगतान नहीं हुआ तो पूरे शहर की जलापूर्ति ठप कर दी जाएगी। मामला उज्जैन से सामने आया है।
बताया जा रहा है की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग संधारण उपखंड क्रमांक 1 के दैनिक वेतन भोगी और कार्यभारित कर्मचारियों का वेतन रुकने से गहराया हुआ संकट अब उग्र रूप लेता दिख रहा है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के तत्वावधान में कर्मचारियों ने निगम आयुक्त और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा जाहिर की। साथ ही भुगतान न होने पर शहर की जलापूर्ति ठप करने की बात कही।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री मनोहर गिरी के मुताबिक विभाग के 11 कर्मचारियों का अगस्त महीने से वेतन नहीं मिला है। अधिकारियों द्वारा जलकर वसूली न होने का हवाला दिया जा रहा है जबकि इन्हीं कर्मचारियों के माध्यम से विभाग लगभग 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली कर चुका है। लगातार जिला प्रशासन, कलेक्टर, कार्यपालन यंत्री, विभागीय अधिकारियों और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाने के बाद भी समाधान नहीं निकला। संघ के संभागीय अध्यक्ष मांगीलाल पाटीदार, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव समेत पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा।
वहीं तहसीलदार शेफाली जैन का कहना है की मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला उज्जैन द्वारा पीएचई कार्यालय में ज्ञापन दिया है। जिनका मुख्य विषय अगस्त महीने से रोका गया वेतन देना है। इस पर आगे की कार्यवाई की जा रही है।