6 ट्रैक्टर लेकर खेत में घुसे दबंग! किसान की राई की फसल रौंदी, 5 लोग पहुंचे अस्पताल
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के थुराटी गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि किसान की महीनों की मेहनत पर ट्रैक्टर चला दिया गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने 5 से 6 ट्रैक्टर खेत में उतारकर खड़ी राई की फसल को रौंद दिया। जब इसका विरोध किया गया तो विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
दरअसल, पूरा मामला लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम थुराटी का है, जहां जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद में एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने किसान के खेत में 5 से 6 ट्रैक्टर उतार दिए और खेत में लहलहा रही राई की फसल को रौंदना शुरू कर दिया।
किसान ने महीनों की मेहनत और हजारों रुपये की लागत लगाकर फसल तैयार की थी। उसे उम्मीद थी कि इस बार अच्छी पैदावार से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, लेकिन खेत में ट्रैक्टर चलने से उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई। जब दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही लवकुशनगर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जमीन का विवाद आखिर खड़ी फसल को बर्बाद करने और मारपीट तक कैसे पहुंचा, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। वहीं किसान को हुए नुकसान और मारपीट के आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।