कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त के छापे से हड़ कंप, डिप्टी कलेक्टर का बाबू 20 हजार की घूस लेते गिरफ्तार
कलेक्ट्रेट परिसर में जैसे ही एडीएम दफ्तर के बाबू ने रिश्वत की रकम ली वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने छापामार कार्यवाई को अंजाम दिया। जहां कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया। मामला उज्जैन जिले से सामने आया है।
बताया जा रहा है की लोकायुक्त पुलिस ने एडीएम कार्यालय में बाबू रोहित गोठवाल को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी ने रिश्वत की रकम सीधे हाथ में लेने के बजाय दराज में रखवा ली थी। लेकिन टीम की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी काम नहीं आई। जैसे ही दराज में नोट पहुंचे। लोकायुक्त टीम ने दफ्तर में ही उसे दबोच लिया।
बताया गया की ये पूरा मामला उज्ज्वला गैस कनेक्शन से जुड़ा हुआ है। दरअसल नागदा के बिरलाग्राम निवासी ब्रजेश विश्वकर्मा ने शिकायत की थी कि उनकी मां के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर किसी और व्यक्ति को कनेक्शन जारी कर दिया गया। इतना ही नहीं उस कनेक्शन पर चौदह सिलेंडर भी डिलीवर कर दिए गए। जबकि असली हकदार को आज तक कनेक्शन नहीं मिला। जनसुनवाई में शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने जांच कर रिपोर्ट एडीएम कार्यालय को सौंप दी थी। आरोप है कि इसी फाइल को आगे बढ़ाने और प्रकरण निपटाने के नाम पर बाबू ने पचास हजार रुपये की मांग की थी।
परेशान होकर ब्रजेश ने बीते 29 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी कुमार दीक्षित से शिकायत की। सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक दीपक शेजवार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। पहली किस्त के रूप में बीस हजार रुपये लेते ही बाबू को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।