विश्व प्रसिद्ध मंदिर में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से बदतमीजी, कर्मचारी पर आरोप, महंत ने दी दो टूक चेतावनी !
विश्व प्रसिद्ध मंदिर में नियमों का हवाला देकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष के साथ बदतमीजी किये जाने का मामला सामने आया है। आरोप है की उनके साथ कथित तौर से अभद्रता भी की गयी। जिससे उन्होंने मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया है। मामला महाकाल नगरी उज्जैन का है।
बताया गया की अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पूरी बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे थे। जहां दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में भारी हंगामा हो गया। आरोप है की कुछ कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए उनके साथ बदतमीजी की। मंदिर में प्रवेश करने के दौरान कर्मचारियों ने महाराज की झोली चेक करने का प्रयास किया और कहा कि इसमें कोई ऐसी वस्तु या मोबाइल तो नहीं है। जिससे मंदिर प्रशासन के रवैए पर सवाल खड़े हो रहे हैं। महंत रवींद्र पूरी ने आरोप लगाया की महाकाल मंदिर में तैनात कुछ कर्मचारियों को संतों और सनातन संस्कृति से हमेशा से परेशानी रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि महाकाल बाबा किसी एक शहर की सीमा के मोहताज नहीं हैं बल्कि पूरी दुनिया के आस्था के केंद्र हैं। दर्शन व्यवस्था के नाम पर नियमों की आड़ लेकर संतों और आम श्रद्धालुओं के साथ मनमानी करना और दुर्व्यवहार करना बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा।
महंत ने उत्तराखंड के मनसा देवी मंदिर का उदाहरण दिया जहां वह खुद खुद अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते हैं और रोजाना लाखों भक्त पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि वहां अगर कोई भी यात्री किसी कर्मचारी की शिकायत करता है तो तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाती है लेकिन यहां मंदिर स्टॉफ को संतों के प्रति मनमाने रवैये की खुली छूट मिली हुई है। उन्होंने साफ़ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा की अगर इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाये गए तो वह इस बात को भोपाल से दिल्ली तक उठाएंगे। साथ ही कहा की आगामी समय में उज्जैन में महाकुंभ है जिसमें देश दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। अगर कर्मचारियों का रवैया ऐसा ही रहा तो बड़ी फजीहत होगी। सम्बंधित कर्मचारी को हटाने की मांग की गयी ताकि दोबारा ऐसी कोई घटना न हो सके।-