Sagar - यूरिया DAP बुक करने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जाने अब कौन से किसान कर सकेंगे ई-टोकन बुक
ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर अब सिकमी, बटाईदार व पट्टाधारी किसान भी खुद ई-टोकन बुकिंग कर सकेंगे। अब पोर्टल पर यह सभी विकल्प नजर आने लगे हैं। खाद वितरण व्यवस्था इससे ज्यादा बेहतर होने की उम्मीद है। अब खाद के ई-टोकन बुक कराने में फार्मर आईडी न होने या जमीन के रिकॉर्ड में नाम दर्ज न होने के कारण इन किसानों को समस्या नहीं होगी। ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर ऐसे किसानों की सुविधा के लिए 10 विशेष विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। इस नई व्यवस्था के लागू होने से वनाधिकार पट्टाधारी, राजस्व पट्टाधारी और सिकमी-बटाई पर खेती करने वाले किसानों के साथ-साथ उनके नॉमिनी भी खाद की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे।
इससे पहले जमीन का रिकॉर्ड दूसरे के नाम दर्ज होने या फार्मर आईडी उपलब्ध न होने की स्थिति में पोर्टल पर ई-टोकन बुक नहीं हो पाता था। इस तकनीकी रुकावट के कारण कई किसानों को लाचार होकर खुले बाजार से महंगे दामों पर रासायनिक खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता था। नई व्यवस्था से छोटे, बटाईदार और भूमिहीन किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत ई-विकास पोर्टल पर वन अधिकार पट्टाधारी, राजस्व पट्टाधारी, सिकमी किसानों के साथ मृत किसानों के वारिसों को भी राजस्व सत्यापन के बाद ई-टोकन बुकिंग की सुविधा मिलने लगी है। इसके लिए सभी श्रेणी के किसानों के लिए अलग विकल्प दिए गए हैं। धार्मिक ट्रस्ट की कृषि भूमि पर खेती करने वाले किसानों, फार्मर आईडी नहीं रखने वालों के लिए भी व्यवस्था की गई है। प्लांटेशन करने वाले किसानों तथा निर्धारित परिस्थितियों में विशेष प्रयोजन के लिए भी विकल्प उपलब्ध है। इसके तहत आवेदन करने के बाद क्षेत्रीय एसडीएम या तहसीलदार पात्रता का सत्यापन करेंगे। इसके बाद पात्र किसान ई-टोकन बुक कर सकेंगे। इससे उन किसानों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो तकनीकी या रिकॉर्ड संबंधी कारणों से सामान्य बुकिंग नहीं कर पा रहे थे।
कृषि उप संचालक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर लागू इस नई व्यवस्था से पट्टाधारी, सिकमी और बटाई पर खेती करने वाले किसानों को फायदा होगा। किसान द्वारा आवेदन करने के बाद राजस्व अधिकारियों के सत्यापन के आधार पर ई-टोकन बुक हो जाएगा और उन्हें सुगमता से खाद मिल जाएगा।