Sagar - धनतेरस पर बाजार गुलजार, खरीदारी में झाडू-धातु तक हर वस्तु के पीछे समृद्धि की मान्यता
सागर में धनतेरस पर बाजार में सुबह से ही रौनक है, जैसे जैसे दिन आगे बढ़ रहा है लोगो की भीड़ बढ़ती जा रही है, धन तेरस पर केवल सोने-चांदी और महंगे सामान की खरीदी तक सीमित नहीं है इस दिन कई परिवार झाडू, नए बर्तन, सेंधा नमक, साबुत धनिया और पीतल-तांबे जैसी धातुओं की वस्तुएं भी जरूर खरीदते हैं। इन चीजों की कीमत भले ही कम हो, लेकिन इनके साथ घर की सुख-समृद्धि, आरोग्य और अन्न-धन की वृद्धि की मान्यताएं जुड़ी हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं में कहीं धार्मिक आस्था है तो कहीं जीवन की व्यावहारिक सीख भी छिपी है।
धर्माचायों के अनुसार धनतेरस पर खरीदी जाने वाली प्रत्येक वस्तु का अपना प्रतीकात्मक महत्व है। इन्हें खरीदने के पीछे केवल शुभ मुहूर्त नहीं। बल्कि घर-परिवार को व्यवस्थित, स्वच्छ और समृद्ध रखने का संदेश भी माना जाता है। इन परंपराओं का मूल भाव घर में स्वच्छता, शुद्धता, अन्न की उपलब्धता, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना है।
पं. केशव गिरि गोस्वामी के अनुसार धनतेरस पर झाडू खरीदने की परंपरा को मां लक्ष्मी के स्वागत और घर की स्वच्छता से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि झाड़ से घर की गंदगी के साथ दरिद्रता और नकारात्मकता भी बाहर होती इसे लक्ष्मी का प्रतीक मानकर खरीदने और घर में रखने की परंपरा है। धार्मिक दृष्टि से इसका संदेश है कि जहां स्वच्छता और व्यवस्था होती है, वहीं सुख-समृद्धि का वास होता है।
पं. शिवप्रसाद तिवारी के अनुसार धनतेरस को धन्वंतरि प्रकटोत्सव और आयुर्वेद के देवता भगवान धन्वंतरि की आराधना से भी जोड़ा जाता है। इस दिन सोना-चांदी के साथ तांबा, पीतल और अन्य धातुओं की खरीदी शुभ मानी जाती है। धातु की वस्तुएं लंबे समय तक उपयोग में रहती हैं। इसलिए इन्हें स्थायित्व और संपन्नता का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक परंपरा में नई वस्तु घर लाना शुभ शुरुआत का संकेत है।
पंडित सनत खंपरिया के अनुसार इस दिन चांदी, तांबा, पीतल, स्टील या अन्य धातुओं के बर्तन खरीदने की परंपरा है। मान्यता है कि नए बर्तन घर में अन्न-धन की वृद्धि और बरकत का संकेत हैं। बर्तन का संबंध भोजन और रसोई से है इसलिए इसे मां अन्नपूर्णा की कृपा से भी जोड़कर देखते हैं। खरीदी के तुरंत बाद कई परिवार नए बर्तन में अनाज, मिठाई या जल भरते हैं। यह परंपरा घर में अन्न की कमी न होने की कामना को दर्शाती है