3 घंटे की मुठभेड़ के बाद 80 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर गिरफ्तार! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के मुरैना और ग्वालियर पुलिस के लिए चुनौती बना 80 हजार रुपये का इनामी डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है। गुरुवार सुबह बामोर के ललितपुर जंगल में पुलिस और डकैत गैंग के बीच करीब तीन घंटे तक मुठभेड़ चली। पुलिस के मुताबिक, डकैतों ने 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस कार्रवाई में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अजय गुर्जर भी घायल हालत में पकड़ा गया। गैंग के दो अन्य सदस्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि कल्ली गुर्जर अपने साथियों के साथ बामोर के पहाड़ी गांव के पीछे ललितपुर के जंगल में मौजूद है। सूचना पर पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और टापूनुमा इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस वाहनों को देखते ही डकैतों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन में भी लगी। जवाब में पुलिस ने छह राउंड फायर किए। गोलीबारी थमने के बाद सर्चिंग में कल्ली घायल मिला। उसका साथी अजय गुर्जर भी कुछ दूरी पर घायल अवस्था में पकड़ा गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 306 बोर की राइफल, 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की बंदूक और कुल 61 कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपियों की पहचान हरिओम और पहाड़गढ़ के कल्ला गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। सोशल मीडिया पर एके-47 के साथ तस्वीरें और फायरिंग के वीडियो पोस्ट करने वाले कल्ली के पास एके-47 होने की पुलिस ने फिलहाल पुष्टि नहीं की है।
कल्ली गुर्जर पर मुरैना, ग्वालियर और शिवपुरी में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, डकैती और लूट सहित करीब 20 संगीन अपराध दर्ज बताए गए हैं। उस पर मुरैना पुलिस ने 60 हजार और ग्वालियर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जेलर को धमकी देने सहित कई मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुरैना दौरे से ठीक एक दिन पहले हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की नजर फरार डकैतों और गैंग के नेटवर्क पर है।