Sagar- ड्रोन जैसे उड़ेंगे रॉकेट, पटाखों में दिखेंगे नए फ्लेवर! यहां सजा पटाखा मार्केट SAGAR TV NEWS
धनतेरस के साथ दिवाली का त्यौहार शुरू हो गया है, सागर में पटाखा बाजार भी सज गयाहै लेकिन इस बार सागर शहर में पटाखा मार्केट की लोकेशन में बदलाव किया गया है, पीटीसी ग्राउंड पर लगने वाला मार्केट इस बार खेल परिसर के बाजू वाले मैदान में सजाया गया है, इस बार सागर के पटाखा बाजार में भी लोगों के लिए कई नए आकर्षण मौजूद हैं। हाथी और मोर की आकृति बनाने वाले अनार से लेकर ड्रोन की तरह उड़ने वाले रॉकेट और 500 शॉट वाली आतिशबाजी तक, पटाखों की दुनिया में इस बार कई नए प्रयोग देखने को मिलेंगे।
इस साल पटाखा बाजार में पारंपरिक आतिशबाजी के साथ नए डिजाइन और आधुनिक किस्म के पटाखों की भी खूब मांग है। बाजार में हाथी और मोर की आकृति बनाने वाले अनार, आसमान में ड्रोन की तरह उड़ने वाले रॉकेट, चकरी की तरह घूमती रंग-बिरंगी रोशनी और इलेक्ट्रॉनिक लड़ियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। इसके अलावा 500 शॉट वाली आतिशबाजी और अलग-अलग रंगों की रोशनी बिखेरने वाले पटाखे भी उपलब्ध हैं।
महंगाई का असर इस बार पटाखों की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। पिछले साल के मुकाबले दामों में करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है। बाजार में 15 रुपये से लेकर 7 हजार रुपये तक के पटाखे उपलब्ध हैं। चकरी 5 से 50 रुपये और रॉकेट 10 से 100 रुपये तक की कीमत में मिल रहे हैं। वहीं, बच्चों के लिए फुलझड़ी और अन्य छोटे पटाखों के भी कई विकल्प मौजूद हैं। इस बार ग्रीन पटाखों की मांग भी बढ़ी है।
पटाखा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कारोबारी विकास केशवानी के मुताबिक, इस बार बाजार में कई नए डिजाइन के पटाखे आए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, दुकानों के बाहर रोशनी के लिए लाइट बोर्ड भी लगाए, ताकि ग्राहकों को खरीदारी में सुविधा मिले। यानी इस दीपावली सागर के पटाखा बाजार में परंपरा के साथ आधुनिक आतिशबाजी का भी संगम देखने को मिलेगा। हालांकि पटाखे खरीदते और जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।